आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड: उठ रही न्याय की मांग – दोषियों को सख्त सजा दिलाने की अपील

आलोक वर्मा, जौनपुर, ब्यूरो,

आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड: उठ रही न्याय की मांग – दोषियों को सख्त सजा दिलाने की अपील

आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में जहां एक तरफ पीड़िता सौम्या बिंद के लिए न्याय की मांग उठ रही है और प्रशासन से दोषियों को सख्त सजा दिलाने की अपील की जा रही है, वहीं इस पूरे मामले के पीछे कई ऐसे अनसुलझे सवाल हैं जो इस घटनाक्रम को बेहद पेचीदा और रहस्यमयी बना देते हैं। एक पत्रकार और जागरूक नागरिक के तौर पर जब इन कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जाती है, तो कुछ बेहद गंभीर सवाल सामने आते हैं।
सुरक्षा में चूक या रणनीति की कमी
खुद सौम्या बिंद ने बातचीत में यह स्वीकार किया था कि घटना से पहले ही मारपीट और हमले की आशंका बनी हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। अमूमन गांवों में और खासकर ऐसी संवेदनशील स्थितियों में परंपरा यही रही है कि दूल्हे की गाड़ी को हमेशा बारातियों की गाड़ियों के काफिले के बीच में सुरक्षित रखा जाता है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर उस दिन ऐसा क्यों नहीं हुआ? दूल्हे की गाड़ी काफिले से अलग या असुरक्षित स्थिति में क्यों चल रही थी? इसके पीछे की असली वजह क्या थी?
सटीक रेकी और साजिश का यह नेटवर्क कैसे बना
दूसरा सबसे बड़ा सवाल यह है कि दूल्हे की पल-पल की लोकेशन और उनकी हर गतिविधि की इतनी बारीक जानकारी हमलावरों तक कौन पहुंचा रहा था? क्या यह पूरी साजिश सिर्फ भोले और शोले राजभर के इर्द-गिर्द ही घूम रही थी? अगर ऐसा था, तो इस पूरी कहानी में प्रदीप बिंद की एंट्री कैसे हुई? यह बात गले नहीं उतरती कि दो सगे भाई किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए प्रदीप बिंद और रवि यादव जैसे अलग-अलग बैकग्राउंड के लोगों के साथ इतनी आसानी से एक मजबूत कड़ी बना लेते हैं। आखिर इन तमाम किरदारों को एक मंच पर लाने वाला मास्टरमाइंड कौन था और यह पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था?
रंजिश की गहराई और नामों की त्वरित जानकारी
वारदात के तुरंत बाद बहन सौम्या के पास उन छह आरोपियों के नामों की इतनी सटीक जानकारी कैसे थी? उनका शक सीधे इन्हीं छह लोगों पर ही क्यों गया? क्या पहले से ही पृष्ठभूमि में कोई बहुत बड़ी और गहरी रंजिश चल रही थी जिसकी भनक परिवार को थी? अगर प्रदीप बिंद ने पहले ही यह धमकी दी थी कि वह इस शादी को नहीं होने देगा, तो शोले और भोले राजभर के साथ उसका संपर्क कैसे और कब हुआ? जब इन खतरों और धमकियों की इतनी सटीक जानकारी पहले से मौजूद थी, तो बारात की रवानगी के समय सुरक्षा को लेकर इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती गई?
निश्चित रूप से जब कोई परिवार इतने बड़े दुख से गुजर रहा हो, तो उससे ऐसे तीखे और कठोर सवाल पूछना बेहद असहज करने वाला होता है। लेकिन न्याय की इस लड़ाई में सच का सामने आना भी उतना ही जरूरी है। बहन सौम्या जिस जज्बे के साथ अपने भाई के न्याय के लिए लड़ रही हैं, वह वाकई सराहनीय है।
इस केस की परतों के पीछे कई और भी सुलगते सवाल हैं, जिन पर से पर्दा उठना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *