Alok Verma, Jaunpur Bueauro,
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल ने भाकपा माले लिबरेशन के प्रदेश राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव एवं मिर्जापुर की जिला सचिव कामरेड जीरा भारती की गिरफ्तारी की निन्दा की
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल ने भाकपा माले लिबरेशन के उपर प्रदेश राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव एवं मिर्जापुर की जिला सचिव कामरेड जीरा भारती की गिरफ्तारी की निन्दा करते हुए कहा है कि प्रशासन और वन विभाग चार पीढ़ियों से आबाद गरीब आदिवासियों को बेदखल करने की कार्रवाई कर रहा है जिसके विरोध में आवाज उठाने पर उत्पीड़न की कार्रवाई की गई है। उन पर गंभीर धाराएं लगा दी गई है।
श्री श्याम लाल पाल ने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस गाड़ी में बूट से मारपीट और जेल के भीतर भी उत्पीड़न किया जाना निहायत शर्मनाक और निंदनीय कृत्य है। गांव के गरीबों के घर, खेतों पर बुलडोजर चलाने और आंदोलन का नेतृत्व करने के कारण ही उन्हें प्रताड़ित किया गया है।
मिर्जापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ खुर्द गांव में वन विभाग और प्रशासन की मिली भगत से आदिवासी परिवारों को बेदखली के लिए रात में जेसीबी का इस्तेमाल किया गया। लहलहाती फसल रौंद दी गई। महिलाओं और लड़कियों से अभद्रता की गई। मौके पर श्री सुधाकर यादव और जीरा भारती दोनों मौजूद नहीं थे फिर भी उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तमाम गंभीर धाराएं लगाई गई है। इस मामले में पांच गांव वालों सहित सात लोग जेल में बंद है। भाजपा सरकार की विपक्षियों के प्रति प्रतिशोध की कार्रवाई लोकतंत्र पर प्रहार है।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता