ब्यूरो,

बिहार विधानसभा चुनाव: UP बार्डर पर चौकसी – शाम तक बार्डर
हो जायेगा सील – पुलिस अलर्ट
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर यूपी के सीमावर्ती जिलों में भी पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस ने बार्डर पर चौकसी बढ़ा दी है। बुधवार की शाम पांच बजे तक कुशीनगर के तमकुही सर्किल क्षेत्र के आधा दर्जन बैरियर और पुलिस चौकी पर विशेष चेकिंग करते हुये बार्डर को सील कर दिया जायेगा।
मुख्य मार्ग समेत गांव की पगडंडियों से भी आने-जाने वालों को पुलिस की विशेष जांच से गुजरना पड़ेगा। यह प्रक्रिया मतदान समाप्ति तक जारी रहेगा। दो दिन पहले एसपी ने स्वयं समउर बाजार पुलिस चौकी पर पहुंच कर बिहार से आने वाली बिना नंबर के बोलेरो को सीज कराया था। बिहार में आगामी 6 नवंबर को विधानसभा चुनाव है। इसको लेकर कुशीनगर पुलिस की चौकसी बढ गई है। चुनाव को लेकर कुशीनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस ने तमकुहीराज सीओ सर्किल से जुड़े बिहार बार्डर के प्रमुख पुलिस चौकी व बैरियर में शामिल समउर बाजार, बहादुरपुर, तिनफेड़िया, लतवाचट्टी, बनकटा व रकबाराजा पर चौबीस घंटा जांच चल रही है। रात्रि में विशेष चौकसी बरती जा रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस ने प्रमुख मार्गों के अलावा गांव की पकडंडी के रास्तों पर भी चौकसी बढा दी है।