ब्यूरो,
श्रीराम मंदिर : ज्वाइंट व डिप्टी सीईओ के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार, ट्रस्ट की मुहर का इंतजार
राम मंदिर में ज्वाइंट व डिप्टी सीईओ के लिए तीन-तीन नामों का पैनल लगभग तैयार है। जल्द सीईओ के स्टाफ का भी गठन होगा। 16 सितंबर के बाद इसकी प्रक्रिया तेज होगी। अब बस ट्रस्ट की मुहर का इंतजार है।
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है। एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उनकी टीम के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ के पदों पर जल्द नियुक्ति किए जाने की तैयारी है।सूत्रों के अनुसार, दोनों पदों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। इनमें से एक-एक नाम पर अंतिम निर्णय लिया जाना है। ट्रस्ट महासचिव गोविंद देव गिरि की सहमति के बाद नामों पर अंतिम स्तर पर मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि दो दिसंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक से पहले दोनों पदों के नाम तय हो सकते हैं।