सड़कों से टोल प्लाजा हटाने की तैयारी, मार्च 2027 तक लागू हो सकती है बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था

सड़कों से टोल प्लाजा हटाने की तैयारी, मार्च 2027 तक लागू हो सकती है बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था

नई दिल्ली। देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चालकों को जल्द टोल प्लाजा के बैरियर से छुटकारा मिलने की संभावना बन रही है। केंद्र सरकार फरवरी-मार्च 2027 तक एआई आधारित बैरियर-फ्री टोलिंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में इसकी जानकारी दी।
नई व्यवस्था में ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक को फास्टैग से जोड़ा जाएगा। इससे वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी और टोल राशि अपने आप वसूल की जा सकेगी। सरकार का लक्ष्य टोल प्लाजा पर वाहनों के इंतजार के समय को लगभग शून्य करना है।
गडकरी के मुताबिक, इंटेलिजेंट और कैशलेस टोलिंग व्यवस्था से वाहन चालकों के समय की बचत होगी। साथ ही टोल संग्रह में पारदर्शिता बढ़ने से सरकार को सालाना करीब 10 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है।
देश में फास्टैग का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2021 में इसे अनिवार्य किए जाने के बाद अब 98 प्रतिशत से अधिक वाहन फास्टैग का इस्तेमाल कर रहे हैं। देश में अब तक 13 करोड़ से अधिक फास्टैग जारी किए जा चुके हैं।
बैंक बदलने पर नया फास्टैग नहीं लेना होगा
गडकरी ने ‘वनटैग’ सुविधा भी लॉन्च की है। इसके तहत वाहन मालिक फास्टैग को वाहन से हटाए बिना बैंक बदल सकेंगे। बैंक बदलने के लिए नया फास्टैग खरीदने या पुराना टैग हटाने की जरूरत नहीं होगी। सरकार का दावा है कि नई डिजिटल टोल व्यवस्था से देश में हाईवे पर सफर अधिक तेज और सुगम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *