जौनपुर में भीषण बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी

आलोक वर्मा जौनपुर ब्यूरो,

जौनपुर में भीषण बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी

जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं महिला समर्थकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जौनपुर के प्रभारी मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
जौनपुर के प्रभारी मंत्री हैं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा
कांग्रेस सभासद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पूरे शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई मोहल्लों में हर दस-दस मिनट पर बिजली आ-जा रही है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। भीषण उमस और गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ए.के. शर्मा मुर्दाबाद”, “बिजली विभाग होश में आओ”, “एक्सईएन और एसडीओ जवाब दो” जैसे नारे लगाए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री स्वयं जौनपुर के प्रभारी मंत्री हैं, तब भी जिले की बिजली व्यवस्था बद से बदतर बनी हुई है। जनता लगातार शिकायत कर रही है लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहती है, जबकि जहां सप्लाई आती भी है वहां बार-बार ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या बनी रहती है। लोगों के घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से जिलाधिकारी आवास की बिजली काटने की बात भी कही और प्रशासन को जनता की पीड़ा समझने की नसीहत दी।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सैम्यूल पॉल एन को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में शहर की जर्जर विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुधारने, अघोषित कटौती बंद करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *