आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

वाराणसी में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मार कर हत्या…
वाराणसी में आज सुबह महेन्द्र गौतम नाम के एक प्रॉपर्टी डीलर की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी.। यह घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर कॉलोनी, सिंहपुर गांव में हुई। 54 वर्षीय महेंद्र गौतम, सुबह 9 बजे अपनी बाइक से बुद्धा सिटी स्थित अपने ऑफिस जा रहे थे। इस दौरान, बाइक सवार दो या तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। महेंद्र को कनपटी और गले में तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें गोलीबारी की पूरी वारदात कैद है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और महेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। डीसीपी वरुणा के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रॉपर्टी विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है, क्योंकि महेंद्र बड़े पैमाने पर जमीन खरीदकर कॉलोनियां बसाते थे।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, और डीसीपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके की नाकेबंदी की गई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।