ब्यूरो,

एक पिता ने बेटे की बेरहमी से की हत्या
यूपी के अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने कुदाल से हमलाकर बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यूपी के अंबेडकरनगर में जैतपुर थाना क्षेत्र के चौदह प्राश गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक पिता ने ही अपने पुत्र की कुदाल से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
चौदह प्राश गांव के गोड़ियाना मजरे निवासी सिधारी गौड़ का देर रात लगभग 10 बजे अपने पुत्र पवन गौड़ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट की नौबत आ गई। इसी बीच गुस्से से भरे पिता ने घर में रखी कुदाल उठाकर अपने ही बेटे पवन गौड़ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पवन की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक पवन अपने पिता के साथ ही घर पर रहता था, जबकि उसके अन्य भाई मुंबई में रोज़ी-रोटी के सिलसिले में रहते हैं।एसओ जैतपुर राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी पिता की तलाश की जा रही है। पुलिस ने गांव में पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव में हुई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। लोग कह रहे हैं कि जिस पिता की छाया बेटे को सुरक्षा देने वाली होती है, वही पिता हत्यारा बन गया। यह घटना रिश्तों पर कलंक बनकर सामने आई है।