आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
मतदाता सूची पुनरीक्षण: डीएम सैमुअल पॉल एन ने मड़ियाहूं व पचोखर के बूथों का लिया जायजा, फॉर्म-6 भरने में तेजी लाने के निर्देश
जौनपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर युवा व छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम सैमुअल पॉल एन खुद मैदान में उतरे और कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने मड़ियाहूं स्थित प्राथमिक विद्यालय पालीताला (भाग संख्या 35, 36) और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज (भाग संख्या 79 से 86) का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने पचोखर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय फूलपुर (भाग संख्या 393, 394) तथा प्राथमिक विद्यालय मदारपुर (भाग संख्या 367, 390, 391) पर बने बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और पंजीकरण प्रगति की समीक्षा की।
सक्रिय दिखे बीएलओ, फार्म-6 किए गए प्राप्त
कैंप के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक बूथों पर मुस्तैद रहे और नए नाम जोड़ने के लिए निर्धारित ‘फॉर्म-6’ प्राप्त किए।
पात्र युवाओं को जोड़ने पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम सैमुअल पॉल एन ने अधिकारियों और बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पहली बार के युवा मतदाताओं तथा छूटे हुए नागरिकों से संपर्क कर उन्हें जागरूक किया जाए, ताकि शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल हो सके।