ब्यूरो,
उत्तर प्रदेश विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था एआई आधारित तकनीक से लैस होने जा रही
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था एआई आधारित तकनीक से लैस होने जा रही है। गैलरी और पुस्तकालय की पांच मंजिलों में हाईटेक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया जाएगा। इसमें इंटेलिजेंट वीडियो एनालिटिक्स वाले कैमरे फुटेज का विश्लेषण कर आग व धुएं की पहचान करेंगे और तुरंत अलर्ट देंगे। फायर कंट्रोल सिस्टम स्क्रीन पर खतरे की लोकेशन दिखाएगा।
इतना ही नहीं, आग की सूचना के लिए सुरक्षाकर्मी के देखने का इंतजार नहीं होगा। सिस्टम में क्लीन एजेंट फायर सप्रेशन, स्मार्ट इमरजेंसी लाइटिंग और वेब निगरानी होगी। विधानसभा सचिवालय ने 60 दिन का समय रखा है। जल्द कंपनी का चयन होगा। यह हाईटेक व्यवस्था वाली देश की पहली विधानसभा होगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इससे पहले सदन को एआई कैमरों की निगरानी में लाने की शुरुआत की थी। इसके तहत हर विधायक का रिकॉर्ड रखा जाएगा। नई व्यवस्था में क्लीन एजेंट फायर सप्रेशन, फायर डिटेक्शन, वीडियो एनालिटिक्स और स्मार्ट इमरजेंसी लाइटिंग स्थापित की जाएगी।
खास बात वीडियो फायर डिटेक्शन कैमरे हैं। इनमें इंटेलिजेंट वीडियो एनालिटिक्स होगा। ये वीडियो का विश्लेषण कर आग की लपट और धुएं पहचानेंगे। कम रोशनी में भी काम करने वाले ये कैमरे अलार्म को फायर अलार्म पैनल तक पहुंचाएंगे। कैमरा असामान्य स्थिति पकड़कर सिस्टम को अलर्ट कर सकेगा।