मोटर इंश्योरेंस में नो क्लेम बोनस (एनसीबी) क्या है और इसकी गणना कैसे की जाती है?
श्री राकेश कौल, चीफ डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिसर – रिटेल बिज़नेस, बजाज जनरल इंश्योरेंस
मोटर इंश्योरेंस एक्सीडेंट, चोरी और वाहन के नुकसान जैसी अचानक होने वाली घटनाओं में वाहन मालिकों का पैसा खर्च होने से बचाता है। जहां मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी इन जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करता है, वहीं इंश्योरेंस कंपनियां उन पॉलिसीधारकों को रिवॉर्ड देती हैं जो कोई भी क्लेम नहीं लेते हैं। यह रिवॉर्ड नो क्लेम बोनस (एनसीबी) के रूप में मिलता है, जो कि रिन्यूअल प्रीमियम पर मिलने वाला डिस्काउंट होता है और यह भविष्य के सभी क्लेम-फ्री वर्षों के साथ बढ़ता रहता है। चूंकि एनसीबी समय के साथ इंश्योरेंस के खर्च को काफी हद तक कम कर सकता है, इसलिए इसे मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी के सबसे कीमती फायदों में से एक माना जाता है। हालांकि, कई पॉलिसीधारक को अक्सर इस बात की सही जानकारी नहीं होती कि इसकी गणना कैसे की जाती है और रिन्यूअल के समय यह प्रीमियम को कैसे प्रभावित करता है।
नो क्लेम बोनस को समझें:
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) एक रिवॉर्ड है, जो पॉलिसीधारक को तब दिया जाता है जब वे पूरे पॉलिसी वर्ष के दौरान कोई इंश्योरेंस क्लेम नहीं करते हैं। यह पॉलिसी के रिन्यूअल प्रीमियम पर छूट के रूप में दिया जाता है और लगातार क्लेम नहीं करने के लिए प्रोत्साहन के रूप में काम करता है। ध्यान रखें कि यह डिस्काउंट केवल मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी के ओन-डैमेज वाले हिस्से पर ही लागू होता है। थर्ड-पार्टी लायबिलिटी प्रीमियम में कोई बदलाव नहीं होता है, क्योंकि यह अलग नियमों के तहत तय किया जाता है। लगातार क्लेम-फ्री वर्षों की संख्या बढ़ने के साथ, एनसीबी प्रतिशत भी बढ़ जाता है, जिससे पॉलिसीधारक अपने मोटर इंश्योरेंस प्रीमियम पर अधिक बचत का लाभ उठा सकते हैं।
एनसीबी की गणना कैसे की जाती है?
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) की गणना इस आधार पर की जाती है कि पॉलिसीधारक ने लगातार कितने वर्षों से कोई क्लेम नहीं किया है। हर क्लेम-फ्री वर्ष के साथ, ओन-डैमेज प्रीमियम पर मिलने वाला डिस्काउंट बढ़ जाता है, जिससे सावधानी से गाड़ी चलाने और ज़िम्मेदारी से वाहन रखने वालों को लाभ मिलता है। आमतौर पर, एनसीबी डिस्काउंट एक क्लेम-फ्री वर्ष के बाद 20%, लगातार दो क्लेम-फ्री वर्षों के बाद 25%, लगातार तीन क्लेम-फ्री वर्षों के बाद 35%, लगातार चार क्लेम-फ्री वर्षों के बाद 45% और लगातार पांच क्लेम-फ्री वर्षों के बाद 50% तक बढ़ जाता है, जो लागू मोटर टैरिफ प्रावधानों, पॉलिसी की शर्तों और इंश्योरेंस कंपनी की प्रोसेस के अधीन होता है। उदाहरण के लिए, मान लीजिए किसी वाहन का ओन-डैमेज प्रीमियम ₹15,000 है। अगर पॉलिसीधारक 20% एनसीबी के लिए पात्र है, तो डिस्काउंट ₹3,000 होगा। इस तरह, रिन्यूअल के समय देय ओन-डैमेज प्रीमियम घटकर ₹12,000 रह जाएगा। जैसे-जैसे क्लेम-फ्री वर्ष बढ़ते रहते हैं, एनसीबी डिस्काउंट का स्लैब बढ़ता रहता है, जिससे पॉलिसीधारकों को आने वाले वर्षों में बड़ी बचत का लाभ मिलता है। लगातार क्लेम-फ्री वर्षों की संख्या जितनी अधिक होगी, रिन्यूअल के समय प्रीमियम की राशि में उतनी ही छूट मिलेगी।
लगातार क्लेम-फ्री वर्ष क्यों महत्वपूर्ण हैं?
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) मुख्य रूप से पॉलिसीधारक के क्लेम रिकॉर्ड के आधार पर तय होता है, न कि वाहन की आयु या वाहन के स्वामित्व की अवधि के आधार पर। मुख्य आधार यह है कि लगातार कितने वर्षों तक कोई क्लेम नहीं किया गया है। हर क्लेम-फ्री वर्ष के साथ पॉलिसीधारक को अधिक एनसीबी छूट पाने का लाभ मिलता है। यह धीरे-धीरे मिलने वाला लाभ सुरक्षित ड्राइविंग की आदतों को बढ़ावा देता है और समय के साथ इंश्योरेंस खर्च को कम करने में मदद करता है। इसलिए, लगातार क्लेम नहीं करने का रिकॉर्ड बनाए रखने से लंबे समय में काफी बचत हो सकती है।
अगर क्लेम फाइल किया जाता है, तो क्या होगा?
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) सीधे तौर पर पॉलिसीधारक के क्लेम इतिहास से जुड़ा होता है। हालांकि यह समय के साथ इंश्योरेंस प्रीमियम कम करने में मदद करता है, लेकिन यदि पॉलिसी अवधि में ओन-डैमेज के लिए कोई क्लेम किया जाता है, तो अगली रिन्यूअल पर मिलने वाला एनसीबी आमतौर पर शून्य हो जाता है। इसका परिणाम यह हो सकता है कि पॉलिसीधारक लगातार क्लेम फ्री वर्षों के लिए मिली प्रीमियम छूट खो सकते हैं। इसलिए ड्राइवरों को सावधानीपूर्वक और ज़िम्मेदारी से ड्राइव करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। क्लेम-फ्री रिकॉर्ड बनाए रखने से न केवल दुर्घटनाओं और वाहन के नुकसान से बचने में मदद मिलती है, बल्कि पॉलिसीधारक अपना नो क्लेम बोनस बनाए रख सकते हैं और समय के साथ इंश्योरेंस प्रीमियम में छूट का लाभ भी ले सकते हैं।
एनसीबी पॉलिसीधारक से जुड़ा होता है:
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) का एक महत्वपूर्ण लाभ यह है कि यह इंश्योर्ड वाहन के बजाय पॉलिसीधारक से जुड़ा होता है। इसका मतलब है कि पॉलिसीधारक नया वाहन खरीदने या किसी दूसरी इंश्योरेंस कंपनी में जाने पर भी अपना जमा हुआ एनसीबी आमतौर पर बनाए रख सकते हैं, लेकिन यह इंश्योरेंस कंपनी के नियम और शर्तों पर निर्भर करता है। एनसीबी ट्रांसफर उसी पॉलिसीधारक के लिए उपलब्ध होता है और इसके लिए वैध प्रमाण, एनसीबी रिज़र्विंग लेटर, घोषणा पत्र और इंश्योरेंस कंपनी की निर्धारित प्रोसेस पूरी करनी होती है। वाहन का मालिक बदलने पर इसे आमतौर पर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर नहीं किया जा सकता। इस सुविधा से यह सुनिश्चित होता है कि वाहन या इंश्योरेंस कंपनी बदलने मात्र से क्लेम फ्री रिकॉर्ड बनाए रखने से मिलने वाले लाभ खत्म न हों। इससे पॉलिसीधारक वर्षों में जमा की गई प्रीमियम छूट का लाभ आगे भी लेते रह सकते हैं।
एनसीबी महत्वपूर्ण क्यों है?
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) केवल रिन्यूअल प्रीमियम पर मिलने वाली छूट नहीं है। यह ज़िम्मेदारी के साथ वाहन के रखरखाव की पहचान और क्लेम फ्री रिकॉर्ड बनाए रखने का इनाम है। क्लेम रिकॉर्ड के आधार पर प्रीमियम में छूट का लाभ देकर, इंश्योरेंस कंपनियां सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देती हैं और पॉलिसीधारकों का इंश्योरेंस खर्च कम करती हैं। हर लगातार क्लेम-फ्री वर्ष के साथ बोनस बढ़ता जाता है, जिससे पॉलिसीधारक की बचत भी काफी बढ़ सकती है, इसलिए मोटर इंश्योरेंस की कुल लागत को समझते समय एनसीबी एक महत्वपूर्ण पहलू होता है।
नो क्लेम बोनस (एनसीबी) मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है, जो क्लेम-फ्री रिकॉर्ड बनाए रखने पर पॉलिसीधारक को रिवॉर्ड देती है। चूंकि लगातार क्लेम-फ्री वर्षों के साथ छूट बढ़ती जाती है, इसलिए समय के साथ रिन्यूअल प्रीमियम पर काफी बचत हो सकती है। एनसीबी की गणना कैसे होती है, क्लेम से इस पर क्या असर पड़ता है और इसे कैसे बनाए रखा या ट्रांसफर किया जा सकता है, यह समझने से पॉलिसीधारक इंश्योरेंस के बारे में बेहतर निर्णय ले सकते हैं। ज़िम्मेदारी से वाहन चलाकर, अच्छा क्लेम रिकॉर्ड बनाए रखकर और पॉलिसी को समय पर या तय अवधि (जहां लागू हो, आमतौर पर पॉलिसी खत्म होने के 90 दिनों के अंदर) में रिन्यू करके, वाहन मालिक एनसीबी का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं और इंश्योरेंस के खर्च को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं। एनसीबी के लाभ, ट्रांसफर और क्लेम का प्रभाव लागू मोटर टैरिफ नियमों, पॉलिसी की शर्तों, अंडरराइटिंग नियमों और इंश्योरेंस कंपनी की प्रोसेस पर निर्भर करते हैं।