जौनपुर जिला अस्पताल में दलालों का बोलबाला: पर्चा काउंटर पर जमाया कब्जा, मरीज और तीमारदार परेशान

आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

जौनपुर जिला अस्पताल में दलालों का बोलबाला: पर्चा काउंटर पर जमाया कब्जा, मरीज और तीमारदार परेशान

जौनपुर के जिला अस्पताल में बदहाली और अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि इलाज कराने आ रहे गरीब और लाचार मरीज व्यवस्था से पूरी तरह त्रस्त हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। अस्पताल में इन दिनों दलालों की भरमार है और सबसे बुरा हाल रजिस्ट्रेशन (पर्चा कटाने वाली) जगह का है, जहां दलालों का सीधा कब्जा देखा जा सकता है।
सुबह से ही अपनी बारी के इंतजार में कतार में खड़े मरीजों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ता है, जबकि दलाल बीच में घुसकर अवैध वसूली के जरिए अपने लोगों का पर्चा आसानी से बनवा देते हैं। पर्चा काउंटर से लेकर पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे और दवाओं की वितरण खिड़की तक इन दलालों का जाल फैला हुआ है। मरीजों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर बाहर की प्राइवेट पैथोलॉजी और मेडिकल स्टोर पर भेजा जा रहा है, जिससे उनकी जेबों पर सीधा डाका डाला जा रहा है।
दूर-दराज के गांवों से उम्मीद लेकर आने वाले मरीज और उनके परिजन दिनभर भटकने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच मरीजों की सुनने वाला कोई नहीं है। अस्पताल प्रशासन की इस चुप्पी से दलालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम बिना किसी खौफ के अपना गिरोह चला रहे हैं।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने मांग की है कि पर्चा काउंटर समेत पूरे अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की जाए और इन दलालों के खिलाफ सख्त पुलिसिया कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को बिना किसी परेशानी के सरकारी इलाज मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *