लोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
जिला महिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर भड़के डीएम: बंद मिला ऑक्सीजन प्लांट और वाटर कूलर, चिकित्सा अधीक्षक को कड़ी फटकार
जौनपुर (उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. द्वारा जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किए जाने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली भारी अव्यवस्थाओं, गंदगी और लंबे समय से बंद पड़े संसाधनों को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और चिकित्सा अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर लापरवाही ऑक्सीजन प्लांट को लेकर सामने आई। महीनों से खराब पड़ा ऑक्सीजन प्लांट बंद पाया गया, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान जोखिम में पड़ने की संभावना बनी हुई थी। इसके अलावा, भीषण गर्मी के बावजूद अस्पताल परिसर में लगे वाटर कूलर से पानी न आने के कारण दूर-दराज से आए मरीजों और उनके तीमारदारों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा था।
पूरे अस्पताल परिसर में हर तरफ गंदगी और बदहाली का आलम देखकर डीएम सैमुअल पाल एन. ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधीक्षक को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस औचक निरीक्षण के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप का माहौल है। देखना यह होगा कि डीएम की फटकार के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना तेज़ी से सुधार आता है।