आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन में डीएम सैमुअल पॉल एन: चांदपुर अंडरपास से सिटी स्टेशन तक रोशनी से जगमगाएगी सड़क
जौनपुर:जनपद में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए धरातल पर ठोस और असरदार कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए।
रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए डीएम ने चांदपुर अंडरपास से सिटी स्टेशन तक स्ट्रीट लाइट लगाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिले में हादसों के मुख्य केंद्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को चिन्हित कर वहां जल्द से जल्द जरूरी सुधार कार्य पूरे करने को कहा, ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया। हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने वाले चालकों पर कार्रवाई से पहले उन्हें जागरूक और प्रेरित करने की बात कही।
इसके अलावा, उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम निर्देश भी जारी किए:
स्कूली वाहनों की फिटनेस की नियमित और कड़ाई से जांच की जाए।
सड़क निर्माण के दौरान मानकों के अनुसार ही स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
सड़कों के किनारे और बिजली के खंभों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि रात में चालकों को बेहतर दृश्यता मिले।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित संबंधित विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।