Alok Verma, Jaunpur Bueauro,

रामपुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी अवधनारायण का ब्रेन हैमरेज से निधन
जौनपुर। रामपुर । रामपुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी अवधनारायण का ब्रेन हैमरेज से निधन, शोक की लहर
रामपुर जौनपुर। विकासखंड रामपुर में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अवधनारायण (55) का मंगलवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही विकासखंड कार्यालय तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ब्लॉक कर्मचारी भूपेश सिंह ने बताया कि अवधनारायण लंबे समय से मधुमेह और उच्च रक्तचाप की समस्या से पीड़ित थे। इसके बावजूद वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व कार्यालय में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हृदय संबंधी गंभीर समस्या के साथ ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन मंगलवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्वर्गीय अवधनारायण मूल रूप से मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम गड़वली अगियाबीर के निवासी थे। मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
उनके निधन पर विकासखंड के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।