Alok Verma, Jaunpur Bueauro,
जौनपुर में बिजली संकट गहराया, दिन हो या रात नहीं मिल रही राहत
जौनपुर। नगर की बिजली व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है। पॉलिटेक्निक चौराहा, मंडी अहमद खान, सिटी स्टेशन, नईगंज तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। मंडी अहमद खान क्षेत्र में रात लगभग एक बजे बिजली चली गई और अगले दिन शाम करीब सात बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली मांग के कारण आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के विभाग से जुड़े होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। नगर विधायक एवं मंत्री गिरीश यादव की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल जनता को नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली संकट की ओर ध्यान आकर्षित किया था, लेकिन लोगों का कहना है कि अब तक कोई विशेष राहत नहीं मिली है। जबकि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
बिजली कटौती का सबसे अधिक असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। बिजली न होने से मोटरें और पंप नहीं चल पाते, जिससे कई मोहल्लों में पानी का संकट भी गहरा जाता है। हालांकि बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और अधिशासी अभियंता अब उपभोक्ताओं के फोन रिसीव करने लगे हैं, जो एक सकारात्मक पहलू है।
इसके बावजूद जनता का कहना है कि केवल फोन उठाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। बिजली लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और फाल्ट की त्वरित मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है। लगातार कटौती के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। रातभर बिजली न रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ रही है। इन्वर्टर और बैटरियां भी जवाब देने लगी हैं, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर नगरवासियों को राहत दिलाने की मांग की है। यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो जनता का असंतोष और बढ़ सकता है।