25 जून तक सभी सामुदायिक शौचालय हों क्रियाशील, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

Alok Verma, Jaunpur Bueauro,

25 जून तक सभी सामुदायिक शौचालय हों क्रियाशील, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

जौनपुर। जनपद में स्वच्छता एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी सामुदायिक शौचालय 25 जून तक पूर्ण रूप से क्रियाशील कर दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भूमि अथवा तकनीकी समस्याएं हैं, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान निकालें और निर्माण कार्य प्रारंभ कराएं।

अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्यों के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनप्रतिनिधियों के शिलापट्ट अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं।

ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल लाइब्रेरी एवं डिजिटल विलेज परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने इनकी उपयोगिता और प्रभावशीलता बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों को नियमित रूप से संचालित रखने तथा उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। बेहतर सेवा वितरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *