आलोक वर्मा जौनपुर ब्यूरो,
बंगाल की सियासत में दो चुनावी शैलियों की सीधी भिड़ंत
बंगाल की सियासत इस बार सीधे-सीधे दो चुनावी शैलियों की भिड़ंत बन चुकी है—एक तरफ नरेंद्र मोदी और अमित शाह की हाई-वोल्टेज, आक्रामक और लगातार दबाव बनाने वाली शैली, तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी की लोकल, भावनात्मक और जमीनी पकड़ वाली राजनीति।
मोदी-शाह की शैली क्या है? साफ शब्दों में—“टॉप गियर पॉलिटिक्स”। हेलिकॉप्टर से उतरकर सीधे रैली, रैली से सीधे संदेश, और हर भाषण में बड़ा नैरेटिव। सिलीगुड़ी से लेकर आसनसोल तक उनकी सभाओं में राष्ट्रीय मुद्दों का तड़का साफ दिखता है। अमित शाह इसे और नीचे तक ले जाते हैं—बूथ, पन्ना प्रमुख, और संगठन की माइक्रो मैनेजमेंट। यानी ऊपर से दबाव, नीचे से पकड़।
अब दूसरी तरफ ममता बनर्जी की शैली—“लोकल दिल, लोकल डील”। कोलकाता की गलियों से लेकर गांवों तक, छोटी सभाएं, सीधे संवाद, और लोकल भाषा में तीखे तंज। संदेशखाली जैसे मुद्दों पर वे रक्षात्मक होने के बजाय भावनात्मक अपील के साथ पलटवार करती हैं—यही उनका खेल है।
जमीनी रिपोर्ट कहती है कि भाजपा की रैलियां माहौल बनाती हैं, लेकिन तृणमूल का नेटवर्क वोट मैनेज करता है। कई गांवों में लोग कहते कुछ और हैं, लेकिन वोटिंग के दिन चुपचाप अपना फैसला बदल देते हैं—यही बंगाल का “साइलेंट ट्विस्ट” है।
इस बार असली मुकाबला सीटों का कम, स्टाइल का ज्यादा है—क्या हाई-वोल्टेज कैंपेन लोकल नेटवर्क को तोड़ पाएगा, या फिर जमीनी पकड़ बड़े चेहरों की चमक पर भारी पड़ेगी। बंगाल में कहानी अभी बाकी है, और हर दिन नया ट्विस्ट दे रही है।