आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

डीआईओएस कार्यालय में भ्रष्टाचार पर भड़के रमेश सिंह, समाधान न होने पर मूल्यांकन बहिष्कार की चेतावनी
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठुकराई गुट की बैठक एवं होली मिलन समारोह तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने शिक्षक समस्याओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर गंभीर आरोप लगाए।
बैठक को संबोधित करते हुए रमेश सिंह ने कहा कि संगठन के लगातार प्रयासों से अधिकांश तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण हो चुका है और जो शिक्षक अभी शेष हैं उनका भी जल्द विनियमितीकरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 के बाद नियुक्त तदर्थ शिक्षकों के मानदेय का आदेश भी संगठन और शिक्षकों के संघर्ष का ही परिणाम है।
उन्होंने डीआईओएस कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तीखी नाराजगी जताते हुए कहा कि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की पेंशन पत्रावलियां केवल इस कारण लंबित रखी जा रही हैं कि विनियमितीकरण के सत्यापन के लिए आवश्यक डिस्पैच रजिस्टर गायब बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब रजिस्टर कार्यालय से गायब हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी शिक्षकों पर कैसे डाली जा सकती है। इसे उन्होंने धन उगाही का नया तरीका बताया।
रमेश सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में सत्यापन के नाम पर प्रत्येक शिक्षक से लगभग दो लाख रुपये तक की वसूली की जा रही है। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2000 के बाद नियुक्त शिक्षकों का अवशेष भुगतान, एनपीएस से ओपीएस में गए शिक्षकों की एनपीएस कटौती की धनराशि को ओपीएस खाते में स्थानांतरित करने सहित अन्य समस्याओं का समाधान तत्काल किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठुकराई गुट जौनपुर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक की होगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष तेरस यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं भी दीं। बैठक में डॉ. राकेश सिंह, हसन सईद, दयाशंकर यादव, सुनील कुमार सिंह, बृजेश सिंह, राजेश सिंह, उदय सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।