आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

भारी बारिश के बीच देर रात सड़कों पर उतरे डीएम: जलभराव और गोमती के जलस्तर का लिया जायजा, जर्जर भवनों पर नोटिस जारी करने और सफाई सुधारने के कड़े निर्देश
जौनपुर। जनपद में भारी वर्षा के चलते उपजे हालातों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी 26 सितंबर की देर रात खुद सड़कों पर उतरे। डीएम ने जलभराव, नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई और गोमती नदी के जलस्तर की स्थिति परखने के लिए नगर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका सहित अन्य प्रशासनिक अमला भी साथ मौजूद रहा।
प्रमुख चौराहों और गोमती नदी का स्थलीय निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव और ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। गोमती नदी के निरीक्षण के दौरान नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में मिला। हालांकि, मूसलाधार बारिश को देखते हुए डीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जल निकासी तंत्र पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक संसाधन जुटाए जाएं।
जर्जर भवनों पर विधिक कार्रवाई, निवासियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के आदेश
शहर में स्थित जर्जर भवनों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित जर्जर भवनों के स्वामियों को तत्काल नोटिस जारी कर विधिक प्रक्रिया के तहत इन्हें सुरक्षित रूप से ध्वस्त कराने की कार्रवाई जल्द पूरी की जाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि जर्जर भवनों में रह रहे लोगों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए तुरंत रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
गंदगी पर भड़के डीएम, दुर्गा पूजा से पहले व्यवस्था सुधारने की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान शहर के कुछ स्थानों पर कूड़े के ढेर और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका के प्रति गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर स्वच्छता को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, डीएम ने सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को तुरंत पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने के सख्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।