ब्यूरो,
नेपाल की बाढ़ से बिहार में बढ़ा खतरा, गंडक बराज के सभी 36 गेट खोले गए
नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड का असर अब उत्तर बिहार में दिखाई देने लगा है। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में भारी तबाही के बाद गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने की आशंका है। बिहार सरकार ने पूरे उत्तर बिहार में हाई अलर्ट जारी किया है।
– वाल्मीकिनगर गंडक बराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अचानक बढ़ने वाले पानी के दबाव को नियंत्रित करना है।
– नेपाल में बाढ़ के कारण भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में भारी उफान आया है। ये नदियां आगे नारायणी/गंडक नदी तंत्र से जुड़ती हैं, इसलिए बिहार में खतरा बढ़ा है।
– बिहार में 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी आने की आशंका जताई गई है। गोपालगंज में तो 3.5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी आने की संभावना को लेकर हाई अलर्ट किया गया है।
– पश्चिमी चंपारण के 10 और पूर्वी चंपारण के करीब आधा दर्जन प्रखंड हाई अलर्ट पर हैं। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
– मोतिहारी में NDRF तैनात की गई है और गंडक किनारे बचाव एवं निगरानी बढ़ा दी गई है।
– हाजीपुर और अन्य गंडक तटवर्ती क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है तथा तटबंधों को मजबूत करने का काम चल रहा है।