पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग
केशपुर जाते समय तकनीकी खराबी और भारी बारिश के कारण पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की मंगलवार को कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। सीएम शुभेंदु अधिकारी कोलकाता से पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी और खराब मौसम के चलते इसे बीच रास्ते में उतारना पड़ा।
सीएम के हेलिकॉप्टर में कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी खराबी देखने को मिली थी। हालांकि, कुछ ही समय में इस दिक्कत को ठीक कर लिया गया, जिसके बाद हेलिकॉप्टर ने सुबह 11 बजकर 21 मिनट पर उड़ान भरी। इस शुरुआती तकनीकी गड़बड़ी को लेकर फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद, दोपहर करीब 12 बजे हेलिकॉप्टर में अचानक फिर से टेक्निकल ग्लिच का पता चला। दूसरी तरफ, मेदिनीपुर में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण वहां हेलिकॉप्टर का उतरना मुमकिन नहीं था। इन परिस्थितियों (तकनीकी खराबी और खराब मौसम) को देखते हुए कोलाघाट के हेलिपैड पर हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उतारने का फैसला लिया गया।