आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,
मेन रोड पर डाले जा रहे फुटपाथ के ब्लॉक्स-स्मार्ट फर्स्ट नीति की उड़ीं धज्जियां
घटिया इंटरलॉकिंग
फुटपाथ के ब्लॉक्स मेन रोड पर डाले जा रहे हैं: जौनपुर में ‘स्मार्ट फर्स्ट’ नीति की उड़ीं धज्जियां
घटिया इंटरलॉकिंग निर्माण के खिलाफ भड़की ‘श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी’
राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को स्पीड पोस्ट भेज टेक्निकल ऑडिट की उठाई मांग
जौनपुर (विशेष संवाददाता)। शहर में उत्तर प्रदेश सरकार की ‘स्मार्ट फर्स्ट’ नीति को ताक पर रखकर कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक बवाल खड़ा हो गया है। नगर पालिका परिषद जौनपुर द्वारा मुख्य रास्तों पर धड़ल्ले से बिछाई जा रही घटिया इंटरलॉकिंग ईंटों को लेकर ‘श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी’ ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने इसे शासन के नियमों का सीधा उल्लंघन करार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी जौनपुर को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
शासनादेश दरकिनार, नियमों की खुली अवहेलना:
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि नगर विकास विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं कि भारी यातायात वाली शहरी मुख्य सड़कों पर केवल सीसी रोड (Cement Concrete Road) या डामरीकरण ही किया जाना चाहिए। इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक्स का इस्तेमाल सिर्फ फुटपाथ या किनारों तक ही सीमित है। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर मुख्य मार्गों पर फुटपाथ वाले ब्लॉक्स बिछाकर बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है।
पहली बारिश में धंस रहीं सड़कें, जनता परेशान:
श्री श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि बिना सही बेस (Sub-grade) और नाली निर्माण के आनन-फानन में घटिया पेवर ब्लॉक्स लगाए जा रहे हैं। नतीजतन पहली ही बारिश में सड़कें धंस रही हैं। उखड़ी ईंटों के कारण स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और आम राहगीर चोटिल हो रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी है।
जनहित में उठाई गईं प्रमुख मांगें:
तत्काल रोक: जौनपुर नगर पालिका क्षेत्र में हो रहे सभी गुणवत्ताहीन इंटरलॉकिंग निर्माणों को तुरंत बंद कराया जाए।
टेक्निकल ऑडिट: एक स्वतंत्र जांच दल गठित कर हाल के सभी निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए।
मानक के अनुरूप काम: मुख्य मार्गों पर इंटरलॉकिंग पूरी तरह बंद कर शासनादेश के अनुसार मजबूत सीसी रोड व डामरीकरण कराया जाए।