आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

जौनपुर: जगन्नाथ रथयात्रा में जूता-चप्पल पहनकर रथ खींचने की तस्वीर वायरल, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जौनपुर। जौनपुर में शुक्रवार शाम आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव तथा भाजपा के जिला महामंत्री अजय सिंह रथ खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं का दावा है कि तस्वीर में दोनों नेता जूता-चप्पल पहनकर भगवान जगन्नाथ का रथ खींच रहे हैं। इसी आधार पर कई लोगों ने धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं के पालन को लेकर प्रश्न उठाए हैं। वहीं, अन्य लोगों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों को समझना आवश्यक है।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा देश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें श्रद्धालु परंपराओं और आस्था के साथ भाग लेते हैं। ऐसे में वायरल तस्वीर ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है।
समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव अथवा भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी थी।