केराकत में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, नायब तहसीलदार घायल और बुलडोजर क्षतिग्रस्त

आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो, ब्यूरो,

केराकत में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, नायब तहसीलदार घायल और बुलडोजर क्षतिग्रस्त

जौनपुर के केराकत में प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान भारी बवाल हो गया। अवैध कब्जे हटाने गई टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव का सिर फट गया और सरकारी बुलडोजर के शीशे तोड़ दिए गए। इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने पांच नामजद और करीब दो सौ अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मुख्य बाजारों से अवैध टीन शेड, ठेले और सार्वजनिक भूमि से कब्जे हटा रही थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। उपद्रवियों ने बुलडोजर के ड्राइवर के साथ भी अभद्रता और मारपीट की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस घटना के बाद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सना सगीर और घायल नायब तहसीलदार की ओर से सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं दूसरी ओर, प्रशासन ने साफ रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस हिंसक विरोध के बावजूद केराकत को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *