Alok Verma, Jaunpur Bueauro,

वर्षा से पहले खुले मेनहोल, गड्ढे और जर्जर बिजली तार दुरुस्त करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने वर्षा ऋतु से पूर्व जनसुरक्षा के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को सड़कों के गड्ढे, खुले मेनहोल तथा जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी खुले मेनहोल सुरक्षित ढके जाएं और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। यदि किसी स्थान पर खुदाई या निर्माण कार्य आवश्यक हो तो वहां बैरिकेडिंग के साथ संबंधित विभाग का नाम और संपर्क नंबर भी अंकित किया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बारिश से पहले जर्जर विद्युत तारों, खंभों और खुले विद्युत बॉक्स का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए तथा किसी भी स्थिति में खुले या लटकते बिजली के तार न छोड़े जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों को पात्र युवाओं को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण, ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या पर अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मछलीशहर को कैपेसिटर बैंक स्थापित कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीडा औद्योगिक क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।