Alok Verma, Jaunpur Bueauro,
जौनपुर में ‘स्मार्ट फर्स्ट’ नीति की अनदेखी पर भड़की ‘चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी’
- मुख्य मार्गों पर इंटरलॉकिंग निर्माण को अवैध घोषित करने और टेक्निकल ऑडिट की उठी मांग
– राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को भेजा स्पीड पोस्ट से मांग पत्र
जौनपुर। शहर की सड़कों पर शासन की मंशा के विपरीत धड़ल्ले से किए जा रहे गुणवत्ताविहीन इंटरलॉकिंग निर्माण को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक विरोध तेज हो गया है। ‘श्री चित्रगुप्त जी महाराज समाज पार्टी’ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीधे उत्तर प्रदेश सरकार की ‘स्मार्ट फर्स्ट’ नीति के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने इस संबंध में जिलाधिकारी जौनपुर और माननीय मुख्यमंत्री को स्पीड पोस्ट के जरिए एक जनहित मांग पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
नीतियों की खुली अवहेलना का आरोप
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेश श्रीवास्तव ने जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश शासन और नगर विकास विभाग की स्पष्ट नीति (स्मार्ट फर्स्ट पॉलिसी) है कि शहरी क्षेत्रों और भारी यातायात वाले मुख्य मार्गों पर इंटरलॉकिंग के बजाय केवल सीसी रोड (Cement Concrete Road) या डामरीकरण को प्राथमिकता दी जाए। इंटरलॉकिंग का उपयोग केवल फुटपाथ या रोड के किनारों के लिए निर्धारित है। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद जौनपुर द्वारा नियमों को ताक पर रखकर मुख्य रास्तों पर भी धड़ल्ले से इंटरलॉकिंग ईंटें बिछाई जा रही हैं।
पहली ही बारिश में धंस रहीं सड़कें, जनता त्रस्त
श्री श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि बिना उचित बेस (Sub-grade) तैयार किए और बिना सुदृढ़ नाली निर्माण के आनन-फानन में घटिया स्तर के पेवर ब्लॉक्स लगा दिए जाते हैं। परिणामस्वरूप, पहली ही बारिश में ये सड़कें धंस जाती हैं, जिससे जनता के टैक्स का पैसा और सरकारी बजट पूरी तरह बर्बाद हो रहा है। जगह-जगह से उखड़ी और धंसी हुई इंटरलॉकिंग के कारण आए दिन राहगीर, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
पार्टी ने की ये मुख्य मांगें:
नगर पालिका परिषद जौनपुर के अंतर्गत वर्तमान में हो रहे तथा पिछले कुछ समय में हुए सभी गुणवत्ताहीन इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
एक स्वतंत्र टीम का गठन कर शहर में हुए इन सभी निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच (Technical Audit) कराई जाए।
जौनपुर शहरी क्षेत्र के मुख्य और आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग का निर्माण पूर्णतः बंद कराकर, सरकार के नवीनतम मानकों के अनुसार केवल मजबूत सीसी रोड (CC Road) और डामरीकरण का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
पार्टी प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि यदि इस जनहित के मुद्दे पर प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस और न्यायसंगत कदम नहीं उठाया, तो पार्टी जनता के अधिकारों और सरकारी धन के सदुपयोग के लिए आगे की रणनीति तैयार करेगी।