आलोक वर्मा संवाददाता जौनपुर।
लखनऊ कोचिंग हादसा: पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने मुख्यमंत्री से की विनियामक प्राधिकरण के गठन की मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 से अधिक छात्र-छात्राओं की मौत पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
इस हृदयविदारक घटना पर बयान जारी करते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि अलीगंज के कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 से अधिक छात्र-छात्राओं के निधन की दुखद सूचना से मन आहत है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सदन से लेकर सड़क तक हमेशा इस बात पर जोर दिया था कि कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए एक विनियामक प्राधिकरण यानी रेगुलेटरी अथॉरिटी का गठन होना चाहिए।
धनंजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया है कि प्रदेश में कोचिंग संस्थानों के संचालन पर छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल विनियामक प्राधिकरण का गठन किया जाए, जिससे भविष्य में दुर्व्यवस्थाओं के कारण होने वाले इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति ना हो सके।