ब्यूरो,

लखनऊ के सभी लेखपालों के नंबर ऑनलाइन जारीः अब तहसील के चक्कर नहीं, वेबसाइट पर मिलेगा पूरा विवरण
लखनऊ प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। अब राजधानी की सभी तहसीलों के लेखपालों के मोबाइल नंबर और तैनाती से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर की पहल पर शुरू की गई नई वेबसाइट के जरिए लोग घर बैठे अपने क्षेत्र के लेखपाल की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
लखनऊ के लेखपालों की ऑनलाइन सूची-
https://lucknowbhulekh.in/MasterData/LekhpalByTehsil पर देखिए।
ग्रामसभा के अनुसार मिलेगी लेखपाल की जानकारी-नई व्यवस्था के तहत नागरिक अपनी तहसील और ग्रामसभा के अनुसार संबंधित लेखपाल का नाम और मोबाइल नंबर आसानी से देख सकेंगे। इससे जमीन, दाखिल खारिज, पैमाइश और राजस्व से जुड़े कार्यों में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
अब नहीं लगाने पड़ेंगे तहसील के चक्कर-पहले लोगों को लेखपाल का नंबर जानने के लिए तहसील कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार सही जानकारी न मिलने से लोगों को परेशानी होती थी। अब वेबसाइट पर सीधे जानकारी उपलब्ध होने से लोग लेखपाल से फोन पर संपर्क कर सकेंगे।
5 तहसीलों के लेखपालों का डेटा सार्वजनिक-प्रशासन की ओर से फिलहाल लखनऊ की पांचों तहसीलों के लेखपालों का विवरण सार्वजनिक किया गया है। इसमें संबंधित क्षेत्र, ग्रामसभा और संपर्क नंबर की जानकारी उपलब्ध है। राजधानी लखनऊ में प्रशासन की इस पहल को डिजिटल गवर्नेस और पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे आम जनता और राजस्व विभाग के बीच समन्वय बेहतर होने की उम्मीद है।