ब्यूरो,

पूर्व आर्थिक सलाहकार और जाने-माने अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला का मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला

दिल्ली. मोदी के आर्थिक सलाहकार रहे सुरजीत भल्ला बोले, ‘बीजेपी चुनाव जीत रही, लेकिन अर्थव्यवस्था हार रही’.

पूर्व आर्थिक सलाहकार और जाने-माने अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला है.

कभी सरकार के समर्थक माने जाने वाले भल्ला अब खुलकर केंद्र सरकार की आर्थिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.

सितंबर 2017 से दिसंबर 2018 तक प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य रहे भल्ला ने 21 मई को indianexpress.com में लिखे अपने लेख में कहा कि “बीजेपी चुनाव जीत रही है, लेकिन अर्थव्यवस्था हार रही है”.

भल्ला ने अपने लेख में लिखा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की राजनीतिक सफलता ऐतिहासिक उपलब्धि है और पार्टी 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए और बड़े जनादेश की उम्मीद कर सकती है. हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि अर्थव्यवस्था को संभालने के मामले में बीजेपी का प्रदर्शन लगातार गिरता दिख रहा है.

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी की चुनावी सफलता और आर्थिक मोर्चे पर गिरावट महज़ संयोग है या दोनों के बीच गहरा संबंध है. भल्ला के अनुसार आर्थिक अव्यवस्था के लिए चार बड़े कारण जिम्मेदार हैं.

उन्होंने सबसे पहले सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार समस्याओं को पहचानती तो है, लेकिन उनकी जिम्मेदारी लेने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने में ज्यादा सहज महसूस करती है. उन्होंने बड़े उद्योग जगत को भी मौजूदा आर्थिक ढांचे का अहम हिस्सा बताते हुए उसकी भूमिका पर सवाल उठाए.

गौरतलब है कि अक्टूबर 2018 में यही सुरजीत भल्ला मोदी सरकार के पहले चार वर्षों को भारतीय अर्थव्यवस्था के “सबसे अच्छे साल” बता चुके थे,  लेकिन अब उनका बदला हुआ रुख राजनीतिक और आर्थिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *