आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

ठेकेदार धरने पर, 1 लाख भुगतान रुका हुआ है, 25% कमीशन मांगने का आरोप
जौनपुर. नगर पंचायत खेतासराय में ठेकेदार रमेश गुप्ता शुक्रवार को भुगतान न मिलने से नाराज़ होकर कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। ठेकेदार का आरोप है कि उनका करीब ₹1 लाख का बिल लंबित है और अधिकारियों द्वारा 25% कमीशन मांगा जा रहा है।
रमेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने निर्धारित कार्य पूरा कर बिल जमा कर दिया था, लेकिन कई दिनों से भुगतान नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब भी वह भुगतान की बात करते हैं तो पहले कमीशन देने की बात कही जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 8-10 अन्य ठेकेदारों ने कमीशन दे दिया, इसलिए उनका भुगतान कर दिया गया, जबकि उन्होंने कमीशन नहीं दिया, इस कारण उनका बिल रोका गया है।
ठेकेदार सुबह करीब 10 बजे से नगर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठे हैं और भुगतान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी और बड़े बाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं, इस मामले में अधिशासी अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।