आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

अजीत प्रजापति बने जौनपुर के नए बीजेपी जिलाध्यक्ष
जौनपुर में बुधवार देर रात भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया, जब अजीत प्रजापति को जौनपुर का नया जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी सूची में इस घोषणा के बाद जिले भर के भाजपाइयों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पिछले कई माह से नए जिला अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन जारी था। संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की राय और विभिन्न विंग्स के सुझावों पर विचार करने के बाद अजीत प्रजापति के नाम पर सहमति बनी। उनकी सक्रियता, बूथ स्तर तक पकड़ और समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी स्वीकार्यता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विज़न को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी चुनावों की तैयारी को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ ला दी और मिठाइयाँ बांटकर खुशी मनाई।