ब्यूरो,

SIR को लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का पलटवार
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर वोट चोरी के विपक्षी दलों के आरोपों पर पलटवार किया है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि एसआईआर को लेकर शोर मचाने वाले दलों के मन में चोर है। बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सह प्रभारी रहे केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर शोर मचाने वाले दलों के ‘मन में चोर’ है। बिहार ने साबित कर दिया है कि उनका पक्ष कमजोर है।”
बिहार के हाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रचंड जीत हासिल की और ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों को बहुत पीछे छोड़ दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने एसआईआर को लेकर लगातार सरकार और निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया है। पिछले कुछ समय से कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता भाजपा पर वोट चोरी का आऱोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी ने तीन प्रेस कांफ्रेंस करके केंद्र की मोदी सरकार को घेरने की भी कोशिश की थी।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और निर्वाचन आयोग मिलकर साजिश के तहत उन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बहाने 50 हजार से अधिक वोट काटने की तैयारी कर रहे हैं, जहां 2024 में लोकसभा चुनाव में सपा और ‘इंडिया’ गठबंधन जीते थे।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग से हम अपेक्षा करते हैं कि वह निष्पक्ष रहेगा और यह संस्था हमारी हर शिकायत का निराकरण करेगी, लेकिन यह सुनने में आ रहा है कि भाजपा और आयोग 2024 की हार के बाद सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।