बरेली: जुमे की नमाज के बाद में हुए बवाल को लेकर ऐक्शन शुरू,इंटरनेट सेवा बंद, मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोग गिरफ्तार, भेज दिया जेल

ब्यूरो,

बरेली: जुमे की नमाज के बाद में हुए बवाल को लेकर ऐक्शन शुरू,इंटरनेट सेवा बंद, मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोग गिरफ्तार, भेज दिया जेल

 जुमे की नमाज के बाद बरेली में हुए बवाल को लेकर ऐक्शन शुरू हो गया है। पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। अब बरेली में दो दिन के लिए इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। प्रशासन ने इसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया है। बीएसएनएल क्षेत्रीय कार्यालय के जीए पंकज पोरवाल ने प्रशासन के इस आदेश की पुष्टि की है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक लेटर वायरल हुआ, जिसमें लिखा है कि शासन के निर्देश पर कुछ देर में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया जाएगा। पहले तो इसे फर्जी बताया गया, लेकिन इंटरनेट सेवाएं होने के बाद वायरल हुए इस लेटर की सत्यपता पर मुहर लग गई।

बतादें कि कानपुर प्रकरण को लेकर शुक्रवार को बरेली में बवाल की स्थिति बनी रही। नमाज के बाद कोतवाली के खलील तिराहे से बवाल शुरू हुआ और फिर शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शनिवार को प्रशासन की ओर से 48 घंटे के लिए बरेली की इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होते ही शहर की इंटरनेट व्यवस्था पूरी तरह से बंद हो गई। हालांकि कुछ देर तक एक नेटवर्क चलते रहे, लेकिन बाद में वह भी बंद कर दिए गए।

2010 के दंगे का भी आरोपी है मौलाना तौकीर

बरेली में बवाल के बाद आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा का नाम एक बार फिर चर्चा में है। आईएमसी प्रमुख 2010 में बरेली में हुए दंगे का आरोपी है। हालांकि मामला कोर्ट में लंबित है। इतना ही नहीं मौलाना ने ज्ञानवापी ढांचे में पूजा शुरू होने के बाद भी जेल भरो आंदोलन की घोषणा की थी। मौलाना पहले भी विवादित बयानबाजी कर चुके हैं।

प्रदेश और बरेली का विकास रोकने को की गई साजिश: डीएम

डीएम अविनाश सिंह ने शुक्रवार के घटनाक्रम के बाद शनिवार को शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न इलाकों में जाकर व्यापारियों से बात की। लोगों को शांति व्यवस्था का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार का घटनाक्रम एक सुनियोजित साजिश है। प्रदेश में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। बरेली जिला प्रदेश की औसत विकास रफ्तार से 12 फीसदी अधिक पर चल रहा है। इस सबको प्रभावित करने के लिए साजिश रची जा रही है। लोगों को भड़काकर हिंसा कराई गई है। इन घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *