ब्यूरो,
सीतापुर: प्रधानाध्यापक की पत्नी का BSA पर पिटाई कराने का आरोप, प्रशासन से हस्तक्षेप व FIR दर्ज करने की मांग, न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम की चेतावनी
सीतापुर। प्रधानाध्यापक बृजेंद्र वर्मा की पत्नी सीमा वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पति को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने घटना के बाद अपने दफ्तर में बुलाकर सहयोगियों से पिटवाया और उसके बाद जेल भेजवा दिया।
सीमा वर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनके पति के शरीर में पिटाई की वजह से काफी सूजन आ गया है, लेकिन पुलिस ने बिना उनका इलाज कराये जेल भेज दिया है।
उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सीमा वर्मा ने कहा कि उनके पति की ओर से बीएसए के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं सुनी गईं, तो वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में जाकर न्याय मांगेंगी। सीमा ने कहा कि वह मुख्यमंत्री को बताएंगी कि किस तरह एक अधिकारी अपनी अय्याशी के लिए शिक्षकों पर अत्याचार कर रहा है। सीमा वर्मा ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह स्कूल में जाकर आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होंगी।