डायल-112 में टेलीकॉलर के पद पर कार्यरत साक्षी बीते 22 दिनों से लापता, मां ने अपहरण की जताई आशंका

ब्यूरो,

डायल-112 में टेलीकॉलर के पद पर कार्यरत साक्षी बीते 22 दिनों से लापता, मां ने अपहरण की जताई आशंका

 

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पेपर मिल कॉलोनी, महानगर की रहने वाली साक्षी बीते 22 दिनों से लापता है। डायल-112 में टेलीकॉलर के पद पर कार्यरत साक्षी 29 अगस्त की रात घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से उसका कुछ अता-पता नहीं है। उसका मोबाइल फोन और स्कूटी चारबाग बस स्टैंड के पास लावारिस हालत में मिले थे। ला*पता युवती की मां ने आशंका जताई है कि साक्षी का अपहरण हुआ है। उन्होंने साक्षी के करीबी दोस्त सचिन पर बेटी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी सचिन को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सचिन ने बताया कि उसकी साक्षी से पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और बाद में दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। 29 अगस्त की रात दोनों रिवर फ्रंट (गौतमपल्ली क्षेत्र) गए थे, जहां किसी तीसरे युवक को लेकर उनका आपसी विवाद हो गया। सचिन के अनुसार, झगड़े के बाद वह साक्षी का फोन लेकर वहां से चला गया। उसने यह भी दावा किया कि उसे साक्षी की मौजूदा स्थिति या ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है। सचिन हजरतगंज इलाके में रहकर एक डिलीवरी कंपनी में काम करता है।पुलिस ने साक्षी की तलाश में कई प्रयास किए हैं। गोमती नदी में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली। वहीं, झगड़े के दौरान मौजूद तीसरे युवक से भी पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन उससे भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।साक्षी की मां का कहना है कि बेटी ने आखिरी बार कॉल कर उनसे बात करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। मां का साफ कहना है कि यह कोई सामान्य गुमशुदगी नहीं, बल्कि अपह*रण का मामला है। पुलिस अब केस की तह तक जाने के लिए साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की मदद ले रही है। मामला अब संवेदनशीलता के साथ जांचा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *