लखनऊ एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी  एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला के घर भी जाएंगे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज लखनऊ जिला न्यायालय के एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे मानहानि के एक मुकदमे की सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश होंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ पहुंचेंगे। वह यहां जिला न्यायालय के एमपी एमएलए कोर्ट में चल रहे मानहानि के एक मुकदमे की सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित होंगे। कोर्ट में जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह ठाकुरगंज क्षेत्र के राधाग्राम जाएंगे। वह यहां नाले में गिरे सुरेश लोधी के परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यहां से वह त्रिवेणी नगर स्थित अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के घर परिजनों से मुलाकात करेंगे।

लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अनुमन्य सुरक्षा के हिसाब से फोर्स तैनात की गई है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। तीनों जगहों पर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सांसद दोपहर एक बजे लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से राहुल गांधी सीधे जनपद न्यायालय आएंगे और मुकदमे की सुनवाई में हिस्सा लेंगे। कोर्ट में प्रक्रिया पूरी करने के बाद यहां से उनका काफिला अन्य दोनों स्थानों के लिए रवाना होगा। नाले में गिरे सुरेश लोधी के घर जाएंगे। यहां उनके परिजनों से मिलेंगे। इसके बाद अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के घर भी जाएंगे। सभी स्थानों पर सुरक्षा लिहाज से सोमवार रात में ही फोर्स की तैनाती की गई है।

सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी उदयशंकर श्रीवास्तव ने अपने वकील के जरिए एमपी-एमएल कोर्ट में परिवाद दाखिल किया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भारतीय सैनिकों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने बयान में कहा कि चीनी सैनिक भारतीय जवानों की पिटाई कर रहे थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *