भारत के Aarogya Setu की तर्ज पर फ्रांस, ब्रिटेन में App के जरिए रखी जाएगी कोरोना संक्रमण पर नजर

भारत की तरह फ्रांस और ब्रिटेन भी कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण पर नजर रखने के लिए एप लागू करने की योजना बना रहे हैं। भारत में बड़े पैमाने पर लोग आरोग्य सेतु एप का इस्तेमाल कर रहे हैं।  फ्रांस के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सेडरिक ओ ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि देश में जब 11 मई से लॉकडाउन के नियमों में कुछ छूट दी जाएगी उसी सप्ताह कोविड-19 के संक्रमण पर नजर रखने के लिए ‘स्टॉप कोविड’ ऐप को परीक्षण के तौर पर शुरू किया जाएगा।  सेडरिक ओ ने फ्रांस में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ‘स्टॉप कोविड’ एप को सरकार की रणनीति का एक प्रमुख हिस्सा करार दिया है। फ्रांस में सरकार ने कोरोना जांच में तेजी लाने के लिए 11 मई से प्रति सप्ताह देश में कम से कम सात लाख कोरोना मामलों की जांच का लक्ष्य रखा है जिसका खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा, “ इस एप में कोई आश्चर्यजनक बात नहीं है। यह किसी प्रकार का तकनीकी सहयोग नहीं है बल्कि यह वैश्विक स्वास्थ्य प्रणाली का एक हिस्सा है।”  ब्रिटेन ने भी कोविड-19 पर नजर रखने के लिए अगले सप्ताह एक एप लाने की योजना बनाई है। ब्रिटेन के कैबिनेट मंत्री माइकल गोव ने यह जानकारी दी।  गोव ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ इस सप्ताह हम विट द्वीप पर एक पायलट परियोजना के तौर पर एप की शुरुआत करेंगे। ब्रिटेन में भी हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। ” विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस के प्रकोप को 11 मार्च को महामारी घोषित कर दिया। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार दुनियाभर में कोरोना के 35 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और 2.47 लाख से अधिक लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *