
लॉकडाउन की तुलना में अनलॉक रसोई का बजट बिगाड़ रहा है। सब्जियों के दाम अनलॉक के दौरान बेतहाशा बढ़ रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में आलू 50 रुपये तक पहुंच गया है वहीं टमाटर 80 से 100 रुपये। जबकि, प्याज भी अब रुलाने लगा है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक एक दिन पहले आलू 20 से 50, प्याज 12 से 50 और टमाटर 20 से 100 रुपये बिक रहा था।

दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में जो सब्जियां 20 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम बिकते थे, उन्हीं सब्जियों के दाम अब वो शतक लगा रहे हैं। दिल्ली की मंडियों में टमाटर 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम तो आलू 40 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है।ब्रोकली 400 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है।
देश के प्रमुख शहरों में आलू, टमाटर और प्याज का रेट
| केंद्र | आलू | प्याज | टमाटर |
| शिमला | 50 | 25 | 60 |
| ईटानगर | 50 | 50 | 100 |
| पोर्ट ब्लैर | 50 | 35 | 60 |
| धारवाड़ | 48 | 25 | 40 |
| नासिक | 45 | 33 | 37 |
| मुंबई | 43 | 40 | 56 |
| तुरा | 40 | 40 | 100 |
| जबलपुर | 37 | 28 | 55 |
| चेन्नई | 37 | 22 | 40 |
| दिल्ली | 36 | 25 | 54 |
| लुधियाना | 35 | 25 | 50 |
| रायपुर | 35 | 25 | 45 |
| दरभंगा | 34 | 24 | 50 |
| अगरतला | 34 | 28 | 63 |
| पंचकुला | 32 | 25 | 50 |
| पटना | 32 | 25 | 60 |
| भुवनेश्वर | 32 | 24 | 40 |
| कटक | 32 | 25 | 50 |
| राउरकेला | 32 | 23 | 50 |
| कोलकाता | 32 | 25 | 60 |
| मालदा | 32 | 25 | 80 |
| खडगपुर | 31 | 24 | 80 |
| चंडीगढ़ | 30 | 20 | 35 |
| भोपाल | 30 | 18 | 50 |
| ग्वालियर | 30 | 13 | 50 |
| रीवा | 30 | 12 | 45 |
| सागर | 30 | 15 | 50 |
| भागलपुर | 30 | 15 | 40 |
| मुजफ्फरपुर | 30 | 19 | 52 |
| हिसार | 25 | 18 | 40 |
| करनाल | 25 | 20 | 45 |
| गुड़गांव | 25 | 20 | 50 |
| श्रीनगर. | 25 | 30 | 40 |
| इंदौर | 25 | 20 | 55 |
| पूर्णिया | 25 | 15 | 80 |
| सिलिगुड़ी | 20 | 20 | 45 |
| अधिकतम मूल्य | 50 | 50 | 100 |
| न्यूनतम मूल्य | 20 | 12 | 20 |
| मॉडल मूल्य | 30 | 25 | 40 |
स्रोत:- राज्य नागरिक आपूर्ति विभाग
नोट:- विभिन्न केन्द्रों पर किसी वस्तु की कीमतों में अंतर आंशिक रूप से उसकी किस्म में अंतर होने के कारण है।
सितंबर से काबू में होंगे दाम
लॉकडाउन खुलने के बाद से ही सब्जियों के दामों में लगातार तेजी आ रही है। मार्च से लेकर जुलाई के शुरुआत तक सब्जियों के दाम सामान्य थे, लेकिन जुलाई के दूसरे सप्ताह से सब्जियों के दामों में तेजी आनी शुरू हो गई है। अब हर सप्ताह सब्जियों के दाम बढ़ते जा रहे हैं, जिससे लोगों के घर का बजट बिगड़ रहा है। आजादपुर सब्जी मंडी के अध्यक्ष और ट्रेडर राजेंद्र शर्मा कहते हैं, ‘ बरसात के समय में अक्सर मंडियों में सब्जियों की सप्लाई कम हो जाती है। इससे सब्जियों की कीमतें एक दम से बढ़ जाती हैं, लेकिन सितंबर से लेकर मार्च तक स्थिति सामान्य रहती है। यह कोई नई बात नहीं है 10 सितंबर से सब्जियां सस्ती होनी शुरू हो जाएंगी।”