
हाल ही में कांग्रेस के प्रवक्ता पद से हटाए गए संजय झा ने अपनी पार्टी की राजस्थान में जारी सियासी संकट के हल सुझाए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। इसके अलावा तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए जहां कांग्रेस कमजोर है, वहां पार्टी को मजबूत करने के लिए कहना चाहिए।
कांग्रेस नेता संजय झा ने यह भी कहा कि राजस्थान में कांग्रेस को नया अध्यक्ष भी देना चाहिए। पार्टी को दिए सलाहों का समापन उन्होंने, ‘जहां चाह, वहां राह’ से किया।
राजस्थान में सियासी संकट बरकरार है। कांग्रेस पार्टी के दो दिग्गज नेता सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच तकरार खुलकर सामने आ चुकी है। आज लगातार दूसरे दिन कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में शामिल होने के लिए सचिन पायलट को भी आमंत्रित किया है, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होने से साफ इनकार कर दिया है।
इसस पहले सचिन पायलट के खुलकर बागी तेवर अपना लेने के बाद कांग्रेस ने सोमवार सुबह जयपुर में विधायक दल की बैठक बुलाई थी, लेकिन इसमें भी पायलट और उनके समर्थक विधायक नहीं पहुंचे थे। इस बैठक में शामिल विधायकों ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था प्रकट की और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रति समर्थन जताया।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल की बैठक बार-बार सचिन पायलट को यह संदेश भेजने के लिए की जा रही है कि अभी भी उनके वापस आने का समय है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व के रुख में अभी भी उनके लिए लचीलापन है। आगे की कार्रवाई के बारे में आज की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।