केजरीवाल ने डॉ. असीम गुप्ता को घर जाकर दी श्रद्धांजलि-परिवार को सौंपा 1 करोड़ का चेक

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कोरोना से जान गंवाने वाले लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के डॉ. असीम गुप्ता के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने डॉ. गुप्ता के परिवार को आर्थिक मदद के तौर पर 1 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि का चेक भी प्रदान किया।

केजरीवाल ने डॉ.असीम गुप्ता की मौत पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति सहानुभूति जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. गुप्ता एक सच्चे कोरोना वॉरियर थे, जो अपनी जान की परवाह ने करते हुए अपनी ड्यूटी करते रहे। इस मुलाकात के दौरान दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।

कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से डॉ. असीम गुप्ता की रविवार को मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी से भी फोन पर बात की। केजरीवाल ने कहा कि डॉ. असीम गुप्ता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हम उनकी सेवा को नमन करते हैं। डॉ. गुप्ता एलएनजेपी अस्पताल के काफी सीनियर डॉक्टर थे। वह एनेस्थेलॉजिस्ट थे। उनकी ड्यूटी आईसीयू में थी। उनकी ड्यूटी कोरोना मरीजों का इलाज करने के लिए कोरोना वार्ड में चल रही थी। उनके सभी साथी बताते हैं कि वह बहुत शिद्दत से और मेहनत के साथ मरीजों की सेवा कर रहे थे। ऐसे लोगों की वजह से ही आज हम लोग कोरोना से लड़ पा रहे हैं।

केजरीवाल ने एलएनजेपी अस्पताल में सीनियर कंसलटेंट एवं आईसीयू इंचार्ज डॉ. असीम गुप्ता को कोरोना योद्धा बताते हुए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। 

बता दें कि, कोरोना के मरीजों की सेवा करते हुए 3 जून को डॉक्टर असीम गुप्ता कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं।  

एनेस्थिसिया के विशेषज्ञ डॉक्टर असीम गुप्ता 20 साल से लोक नायक अस्पताल में कार्यरत थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश स्थित संभल के निवासी थे। उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से एमबीबीएस और फिर एमडी की पढ़ाई की थी। इसके बाद 1990 में दिल्ली आ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *