ब्यूरो,

राष्ट्रपति से मिला इंडिया ब्लॉक का प्रतिनिधिमंडल: खरगे ने की ईवीएम हटाने की मांग, कहा- बैलेट पेपर से हों चुनाव
वोट चोरी के मुद्दे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राहुल गांधी से मांगा सुबूत
सोमवार को राहुल गांधी जाएंगे सुप्रीम कोर्ट
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी राजनीतिक टकराव के बीच विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने अपना पक्ष रखने की तैयारी की है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी सांसद इस मुलाकात में चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अपनी आशंकाएं साझा करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचा। इससे पहले संसद भवन से मार्च निकाल रहे विपक्षी गठबंधन इंडिया के अन्य सांसदों को पुलिस ने विजय चौक पर रोक दिया था। राष्ट्रपति भवन को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम पहले ही भेज दिए गए थे।
प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति मुर्मू को कथित वोट चोरी के मुद्दे पर ज्ञापन सौंपने के लिए गया है।
खरगे, राहुल गांधी और ममता बनर्जी के अलावा प्रतिनिधिमंडल में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा, वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर, माकपा महासचिव एमए बेबी और भाकपा के डी राजा भी शामिल थे।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों के सांसदों मे राष्ट्रपति भवन के लिए शुक्रवार की रात ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला। इससे पहले इंडिया गठबंधन के सांसद संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में एकत्र हुए। यहां उन्होंने कथित “वोट चोरी” के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी रणनीति पर चर्चा की।