यूपी कांग्रेस के नेता अजय राय का नई कांग्रेस टीम के गठन पर दावा

ब्यूरो,

यूपी कांग्रेस के नेता अजय राय का नई कांग्रेस टीम के गठन पर दावा

यूपी कांग्रेस के नेता अजय राय ने नई कांग्रेस टीम के गठन पर दावा किया है कि उनसे इस्‍तीफा नहीं मांगा गया था। पार्टी ने उनसे चर्चा की थी। यह पार्टी का आदेश है और वह इसका पालन कर रहे हैं। पूर्व अध्‍यक्ष ने कहा- मैं कार्यकर्ताओं से कहता हूं कि आप अच्छे से अपना काम करते रहिए। मैंने अपना फर्ज पूरा किया है। हमारा इस बार का समीकरण और मजबूत है।

गौरतलब है कि विधायक आराधना मिश्रा मोना को यूपी कांग्रेस का नया अध्‍यक्ष बनाया गया है। मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा- राहुल गांधी ने मुझे यूपी में कामकाज को लेकर चर्चा की। उनसे भाई का रिश्‍ता है और वह आखिरी सांस तक रहेगा। ये राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व का निर्णय है। उन्‍होंने मुझसे नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ने के लिए कहा था तो मैंने छाती खोलकर लड़ा और लड़ता रहूंगा।

इससे पहले अजय राय ने पद से हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्‍ट लिखा था इसमें उन्होंने कहा कि मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के लिए मैं राहुल गांधी और कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का जीवनभर आभारी रहूंगा। लड़ाई अभी भी जारी है। नए अध्यक्ष सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लड़ेंगे, जीतेंगे! हर-हर महादेव!

राजेंद्र पाल गौतम से मनमुटाव की खबरें चर्चा में

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजेद्र पाल गौतम को यूपी प्रभारी बनाए जाने के बाद से ही अजय राय के साथ मनमुटाव की की खबरें सामने आ रही थीं। गौतम ने कमान संभालने के बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की भूमिका बनाना शुरू कर दिया था।
2022 विधानसभा चुनाव के बाद आराधना मिश्रा यूपी कांग्रेस की चौथी प्रदेश अध्यक्ष बनी हैं। चुनावी हार के बाद अजय कुमार लल्लू की जगह बृजलाल खाबरी को जिम्मेदारी दी गई थी। अगस्त 2023 में अजय राय प्रदेश अध्यक्ष बने। करीब तीन साल बाद पार्टी ने फिर नेतृत्व परिवर्तन कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *