Alok Verma, Jaunpur Bueauro,
समाधान दिवस: डीएम सैमुअल पाल एन. का सख्त संदेश—कागजी नहीं, मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी
केराकत में आईं 266 शिकायतें, 28 का मौके पर ही हुआ निपटारा
जौनपुर। तहसील केराकत के सभागार में शनिवार को आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि समाधान दिवस में मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण महज एक औपचारिक कागजी खानापूर्ति बनकर नहीं रहना चाहिए। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचें, जमीनी हकीकत की जांच करें और नियमानुसार प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।
समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पुलिस, विद्युत और ग्राम विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 266 प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें से 28 संवेदनशील मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया। डीएम ने सख्त लहजे में हिदायत दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देने और निस्तारण आख्या समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रमुख शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश:
अवैध कब्जे की गुहार: हरदासीपुर गांव की पूनम सिंह ने डीएम के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की और कब्जा दिलाए जाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर नियमानुसार त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
जलभराव और गंदा पानी निकासी: मुर्तजाबाद निवासी सुभाष यादव ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनके घर के सामने गंदा पानी बह रहा है। उन्होंने ग्राम सभा के गड्ढे की आराजी संख्या 153 को खुदवाकर पूर्व की भांति गंदा पानी उसमें बहाने की मांग की। इस पर डीएम ने नायब तहसीलदार को स्थलीय मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दानपत्र के आधार पर निर्माण: बासवारी की मंजू देवी ने दानपत्र के आधार पर निष्पादित अपने अंश पर निर्माण कार्य कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र सौंपा। डीएम ने इस प्रकरण को भी नियमानुसार निस्तारित करने के लिए नायब तहसीलदार को निर्देशित किया।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर लगा विशेष कैंप:
समाधान दिवस के दौरान परिसर में मतदाता सूची को लेकर विशेष कैंप का भी आयोजन किया गया। आम जनमानस को जागरूक करते हुए बताया गया कि जिनका नाम 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रविष्टि में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरवाने की जानकारी दी गई। कैंप में प्राप्त सभी फार्म-6, 7 और 8 का विवरण भी विधिवत दर्ज किया गया।
इस संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया, अपर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।