गायब’ स्कूलों के आरोपों पर बोले DM सैमुअल पॉल एन: बंद नहीं हुए विद्यालय, बेहतर व्यवस्था के लिए की गई है पेयरिंग

आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

 

गायब’ स्कूलों के आरोपों पर बोले DM सैमुअल पॉल एन: बंद नहीं हुए विद्यालय, बेहतर व्यवस्था के लिए की गई है पेयरिंग

जौनपुर: जनपद के पांच विद्यालयों के ‘गायब’ होने के दावों को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने सिरे से खारिज किया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी विद्यालय न तो बंद हुआ है और न ही समाप्त किया गया है, बल्कि कम छात्र संख्या और किराए के भवनों में संचालन के चलते नियमानुसार उनका नजदीकी परिषदीय विद्यालयों के साथ संयोजन (पेयरिंग) किया गया है।
किराए के भवन और कम छात्र संख्या के कारण लिया गया निर्णय
डीएम सैमुअल पॉल एन के अनुसार, यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर दर्ज इन 5 विद्यालयों में छात्रों की संख्या काफी कम थी और इनका संचालन किराए के परिसरों में हो रहा था। छात्रों को बेहतर संसाधन, समुचित शैक्षणिक परिवेश और सुगम व्यवस्था देने के उद्देश्य से शासन की गाइडलाइन के तहत इन्हें नजदीकी बड़े विद्यालयों से जोड़ा गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इन विद्यालयों के नाम पर कोई अलग से बजट खर्च नहीं किया जा रहा है और पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
पेयरिंग के तहत संचालित विद्यालयों का विवरण
प्राथमिक विद्यालय ढालगर टोला: 43 छात्र पंजीकृत — कंपोजिट विद्यालय राजाबाजार के साथ संबद्ध।
प्राथमिक विद्यालय मिसिरपुर कन्या: 55 छात्र पंजीकृत — कंपोजिट विद्यालय पुरानी बाजार के साथ पेयरिंग।
कंपोजिट विद्यालय गदन अर्जनी: 71 छात्र पंजीकृत — कंपोजिट विद्यालय पुरानी बाजार में संचालन।
प्राथमिक विद्यालय उर्दू बाजार: 61 छात्र पंजीकृत — मकदूमशाह अढ़न विद्यालय के साथ संयुक्त।
प्राथमिक विद्यालय बाग हासिम: 40 छात्र पंजीकृत — प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार में कक्षाएं जारी। (यहाँ सहायक अध्यापक के सेवानिवृत्त होने के बाद एक शिक्षा मित्र शिक्षण कार्य संभाल रहे हैं)।
जिलाधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी पंजीकृत छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चल रही है और प्रशासनिक पुनर्गठन को ‘स्कूल गायब होना’ बताना पूरी तरह भ्रामक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *