ब्यूरो,
अयोध्या:सावन झूला मेला 15 से 28 अगस्त तक, उमड़ेंगे 10 लाख से अधिक श्रद्धालु; राम नगरी में 28 अगस्त तक रहेगी उत्सव की धूम।
रामनगरी में श्रद्धालुओं का महाकुंभ माना जाने वाला सावन झूला मेला शनिवार से शुरू हो रहा है। 15 से 28 अगस्त तक चलने वाले इस मेले का पहला दिन मणिपर्वत पर मनाया जाएगा। मणिपर्वत पर भगवान राम-सीता का झूला विहार होगा। अयोध्या धाम के विभिन्न मंदिरों से 11 झांकियां विभिन्न रास्तों से होते हुए मणिपर्वत पहुंचेंगी। सावन मेले में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
धर्मनगरी में तो वैसे 5000 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर हैं लेकिन प्रमुख रूप से श्री राम जन्मभूमि, कनक भवन, राजा दशरथ जी के महल, अशर्फी भवन, राम वल्लभा कुंज, दिव्या कला कुंज, विअहुति भवन, रंग महल, जानकी महल, राज सदन, रूप कला कुंज, मणिराम दास जी की छावनी जैसे प्रमुख मंदिरों में इस उत्सव की आभा देखते ही बनेगी है। मणिपर्वत मेले को एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है।
एसपी सिटी अयोध्या चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पीएसी, आरएएफ, एटीएस कमांडो और एसडीआरएफ टीमें भी उपलब्ध रहेंगी। ड्रोन कैमरे की व्यवस्था की गई है। मणिपर्वत पर विशेष फोकस रहेगा। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा दोनों हमारी प्राथमिकता है