ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर से मिले 6 असलहे और 45 कारतूस, दूसरे दिन भी चला बुलडोजर

ब्यूरो,

ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर से मिले 6 असलहे और 45 कारतूस, दूसरे दिन भी चला बुलडोजर

लखनऊ। सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला नौबस्ता में ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान पर एलडीए की ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान हथियारों का जखीरा मिला है। पुलिस ने मकान से छह असलहे और 45 कारतूस बरामद किए हैं। इनमें एक सिंगल बैरल बंदूक, एक .32 बोर का रिवॉल्वर, एक .315 बोर का तमंचा और तीन एयरगन शामिल हैं।
एलडीए ने गुरुवार को दूसरे दिन भी दो बुलडोजर लगाकर ऋषभ शुक्ला और उसके चाचा राजेश शुक्ला व गिरीश शुक्ला के मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रखी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। ध्वस्तीकरण से पहले मकान के सामान की इन्वेंट्री बनाई जा रही थी। इसी दौरान एक काले बैग में हथियार और कारतूस मिले।
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, दरोगा आलोक कुमार अपनी टीम और तहसीलदार सदर अविनाश कुमार रावत के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद थे। सामान की तलाशी और जब्ती की सूची प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तैयार की गई।
बरामद सामान में एक सिंगल बैरल बंदूक, देशी रिवॉल्वर (.32 बोर), देशी तमंचा (.315 बोर), 12 बोर के 25 कारतूस और विभिन्न बोर के 20 अन्य कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा दो एयरगन और एक अर्धनिर्मित एयरगन भी मिली है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने ऋषभ शुक्ला और उसके दोनों चाचा राजेश शुक्ला व गिरीश शुक्ला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *