ब्यूरो,
वैष्णो देवी में चढ़ायी गयी 500 करोड़ चांदी निकली नकली ? कोर्ट ने किया जवाब-तलब
Jammu…
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन में चढ़ावा में नकली चांदी मिलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर कोर्ट में मुकदमा दायर किये जाने के बाद नकली चांदी चढ़ाए जाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
इस मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले अधिवक्ता दीपक शर्मा ने बताया कि जम्मू की अदालत ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी को तलब किया है। अदालत ने निर्देश दिया है कि जांच अधिकारी 29 जुलाई को मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक दस्तावेजों और रिकॉर्ड के साथ अदालत में उपस्थित हों।
वैष्णो देवी में कितनी चांदी नकली ?
दीपक शर्मा ने बताया कि उन्होंने 9 मई 2026 को क्राइम ब्रांच में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले मीडिया में व्यापक रूप से यह खबर सामने आई थी कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड में मौजूद लगभग 20 टन चांदी की जांच के दौरान अधिकांश चांदी नकली पाई गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस चांदी का बाजार मूल्य करीब 550 करोड़ रुपए बताया गया था और दावा किया गया कि इसमें केवल 5 से 10 किलोग्राम या लगभग 30 करोड़ रुपए मूल्य की चांदी ही असली थी, जबकि बाकी सामग्री नकली निकली।
नकली चांदी पर उठे सवाल ?
शर्मा ने कहा कि यही बात उन्हें सबसे अधिक संदेहास्पद लगी। उनके अनुसार, यह मानना कठिन है कि लाखों श्रद्धालु देश के अलग-अलग हिस्सों से अलग-अलग समय पर खरीदी गई चांदी माता के दरबार में चढ़ाएं और वह सभी नकली निकल आए। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक व्यक्ति द्वारा चढ़ाई गई चांदी में गड़बड़ी होती तो बात समझ में आती, लेकिन लाखों श्रद्धालुओं की भेंट को एक साथ नकली बताना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि इस मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया था कि कथित रूप से चांदी में कैडमियम की मिलावट पाई गई थी।