Alok Verma Jaunpur Bueauro,

हेलीकॉप्टर नहीं, इस बार ट्रेन से जौनपुर आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को रेल मार्ग से जौनपुर पहुंचेंगी। पिछले दौरों के विपरीत इस बार उनका आगमन हेलीकॉप्टर से नहीं, बल्कि ट्रेन से प्रस्तावित है, जिसके चलते रेलवे और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
राज्यपाल के प्रस्तावित रेल दौरे के मद्देनज़र रेलवे पुलिस मुख्यालय तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज की ओर से विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं। कानपुर, प्रयागराज और जौनपुर के जीआरपी अधिकारियों को रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और रेल मार्ग पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय पुलिस, आरपीएफ और रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राज्यपाल 27 जुलाई को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन ने भी आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर, वीआईपी आगमन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। राज्यपाल की यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।