सेकंड साइड एंट्री गेट की मांग को लेकर अड़े जज सिंह अन्ना आमरण अनशन शुरू

आलोक वर्मा, जौनपुर ब्यूरो,

सेकंड साइड एंट्री गेट की मांग को लेकर अड़े जज सिंह अन्ना, आमरण अनशन शुरू

जौनपुर। जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-4 पर सेकंड साइड एंट्री गेट सहित बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर समाजसेवी जज सिंह अन्ना बुधवार से आमरण अनशन पर बैठ गए। अनशन की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की भारी तैनाती कर दी गई।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार महेंद्र कुमार, आरपीएफ के अनिल कुमार, जीआरपी के सुनील गौड़, हरिकेश यादव तथा जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने अन्ना को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
जज सिंह अन्ना का कहना है कि जफराबाद जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-4 की दूसरी ओर टिकट बुकिंग काउंटर, यात्री शेड, शौचालय, पेयजल, बिजली तथा आवागमन के लिए स्थायी मार्ग बनाया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि लगभग 80 प्रतिशत यात्री जौनपुर शहर की ओर आते-जाते हैं, जहां कलेक्ट्रेट, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यात्री एक अस्थायी खुले रास्ते से आवागमन करते थे, लेकिन 24 मई को स्टेशन प्रशासन द्वारा उसे बंद कर दिया गया। इसके बाद यात्री मजबूरी में चहारदीवारी फांदकर स्टेशन परिसर में प्रवेश और निकास कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
अन्ना ने बताया कि वह 10 जून को डीआरएम से मिलकर अपनी मांगें रख चुके हैं और उसी दिन उन्होंने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की घोषणा की थी। उनका कहना है कि जब तक रेलवे प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक अनशन जारी रहेगा।
तहसीलदार महेंद्र कुमार ने कहा कि मामला रेलवे विभाग से संबंधित है, इसलिए प्रशासन केवल समस्या को रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में ला सकता है। वहीं रेलवे के टीआई पंकज सिंह ने कहा कि विभाग को आमरण अनशन की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
हालांकि जज सिंह अन्ना का दावा है कि उन्होंने जिलाधिकारी, डीआरएम, स्टेशन अधीक्षक, जीआरपी और आरपीएफ समेत संबंधित अधिकारियों को लगभग 150 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र पहले ही सौंप दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *